भारतीय जनता पार्टी(भाजपा)के पूर्व अध्यक्ष एवं केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनावों की तैयारियों अभी से शुरु कर देने का आह्वान करते हुए शुक्रवार को कहा कि भाजपा के लिए यह "करो या मरो" की लड़ाई होगी।
सिंह ने यहां कार्यकर्ताओं से कहा कि केन्द्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार गरीबों और वंचितों के उत्थान के लिए अनेक अनुकरणीय कार्य कर रही है। अब पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे इन कार्यों की जानकारी जनता तक समुचित तरीके से पहुंचाएं।
सिंह अपने लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर शाम को यहां पहुंचे। वह इस दौरान अनेक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थानीय इकाई द्वारा आयोजित गुरु दक्षिणा कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को लखनऊ में केन्द्र सरकार द्वारा किए जा रहे अनेक विकास कार्यों की जानकारी भी दी। इनमें कुकरैल पर उपरिगामी पुल और रिंग रोड का निर्माण प्रमुख है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के शासन से बुरी तरह परेशान हो गई है। भाजपा के सदस्यता अभियान से स्पष्ट है कि पार्टी की लोगों के बीच लोकप्रियता कितनी बढ़ी है। अब कार्यकर्ताओं पर निर्भर करता है कि वे लोगों को भाजपा की नीतियों की जानकारी दें। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालजी टंडन ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इससे पहले सिंह का अमौसी हवाईअड्डे पर जोरदार स्वागत किया गया।
0 comments:
Post a Comment