वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं के भाव गिरने से नई दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 110 रुपए लुढ़ककर चार साल के नए निचले स्तर 25020 रुपए प्रति दस ग्राम और चांदी 50 रुपए उतरकर तकरीबन पांच साल के नए न्यूनतम स्तर 33700 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।
अमरीकी फेडरल रिजर्व के एक अधिकारी डेनिस लॉकहार्ट के इस बयान के बाद ही वह सितंबर में ब्याज दरों में बढ़ोतरी का समर्थन करेंगे, डॉलर चार महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया, जिसके दबाव में दोनों कीमती धातु कमजोर हुए हैं।
स्थानीय बाजार में इससे पहले पिछले महीने सोना 25050 रुपए प्रति दस ग्राम और चांदी 37750 रुपए प्रति किलोग्राम तक उतरी थी। सोना स्टैंडर्ड में लगातार तीसरे दिन गिरावट देखी गई और यह 110 रुपए टूटकर 06 अगस्त 2011 के बाद के निचले स्तर 25020 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया।
सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 24870 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 22200 रुपए पर टिकी रही। चांदी में भी लगातार तीसरे सत्र गिरावट जारी रही।
चांदी हाजिर 50 रुपए लुढ़ककर 33700 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई जो 05 अक्टूबर 2010 के बाद का इसका निचला स्तर है। चांदी वायदा भी 30 रुपए उतरकर 33430 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही।
सिक्का लिवाली और बिकवाली में कोई बदलाव नहीं हुआ और ये क्रमश: 48 हजार और 49 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।
0 comments:
Post a Comment